
जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, और इसका दबाव समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन में दिख रहा है. जिस वजह से दक्षिण-उत्तरी बंगाल में इसका व्यापक असर पड़ रहा है. वहीं इसका असर झारखंड पर भी दिख रहा है. मौसम विभाग राँची ने इसको लेकर झारखंड में चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग राँची ने कहा है कि राज्य के पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 24 अक्तूबर को सिमडेगा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा में व्यापक असर हो सकता है.

ॉॉमध्य जिलों रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा के साथ-साथ चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह जिलों को भी चेतावनी वाली सूची में शामिल किया गया है. इस दौरान इन जिलों में कहीं-कहीं 65 से लेकर करीब 204 मिमी तक बारिश हो सकती है. 25 अक्तूबर को सिमडेगा, गुमला, लातेहार, गढ़वा, पलामू, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, साहेबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश का अनुमान है. विभाग के अनुसार इन जिलों में 65 से लेकर 115 मिमी तक बारिश हो सकती है. 26 को मौसम सामान्य रहेगा. विभाग के निदेशक डॉ एसडी कोटाल ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है. दूसरी ओर, लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है. दिवाली के मुख्य कारोबारी मौसम में हर छोटे और बड़े कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गयी है. हर तरफ से लोगों को नुकसान हो रहा है, जिससे उनका दिवाला निकल जा रहा है.



