
रांची : अफगानिस्तान के काबुल एयरपोर्ट पर भारत के झारखंड राज्य के बोकारो जिले के रहने वाला बबलू नामक युवक फंस गया है. वह बोकारो जिले के बेरमो का रहने वाला है, जो गांधीनगर थाना क्षेत्र के संडेबाजार स्थित गोदो नाला पास रहता है. बताया जाता है कि वह काम के सिलसिले में जून माह में ही काबुल गया था. उसकी वापसी 16 अगस्त को ही थी और उसका टिकट भी था, लेकिन काबुल एयरपोर्ट में मची अफरा-तफरी और भीड़ के कारण वह लौट नहीं पाया. अंतत: वह वहीं फंस चुका है. किसी तरह अपनी जिंदगी को बचाकर चल रहा है. उसने अपने परिवार से बातचीत की है. उसकी पत्नी लाखो देवी और भाई लालबाबू ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि उनकी वतन वापसी करा दी जाये जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ट्विट कर जानकारी दी गयी है. कई भारतीय काबुल में फंसे हुए है. करीब 150 लोग एयरपोर्ट पर फंसे है. सारे भारतीयों के सुरक्षित होने की जानकारी अब तक दी गयी है.





