अररिया : बिहार के अररिया में बीते गुरुवार, 18 अगस्त को अपराधियों द्वारा पत्रकार विमल कुमार यादव की गोली मारकर हत्या किये जाने के मामले में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इन गिरफ्तार आरोपियों में विपिन यादव, आशीष यादव, भवेश यादव एवं उमेश यादव शामिल हैं. अररिया एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में 8 लोगों को आरोपी बनाया गया है. इनमें 2 आरोपी रूपेश यादव और क्रांति यादव अररिया जेल में बंद हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस उक्त दोनों को भी पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी. हालांकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं,जिन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
उधर विमल के पिता का आरोप है कि उनके पुत्र ने पुलिस को अपनी जान को खतरा बताते हुए तीन-चार दिन पहले ही पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी. इससे पूर्व पूर्णिया पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) सुरेश प्रसाद चौधरी ने जानकारी दी थी कि विमल हत्याकांड में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने बताया था कि चार टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापामारी के लिए भेजी गयी हैं. उन्होंने इस हत्याकांड में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही थी ताकि दोबारा कोई ऐसी घटना को अंजाम देने की नहीं सोचे.(नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि अररिया के पत्रकार विमल कुमार यादव की बाइक सवार चार अपराधियों ने अहले सुबह हत्या कर दी थी. बताया गया कि बाइक पर सवार होकर आये अपराधिय़ों ने विमल कुमार यादव के घर का दरवाजा खटखटाया. विमल ने जैसे ही दरवाजा खोला, हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें सीने में गोली लगने के कारण विमल ने मौका ए वारदात पर ही दम तोड़ दिया. ध्यान रहे कि वर्ष 2019 में विमल के भाई की भी हत्या कर दी गयी थी, जिस मामले में विमल एकमात्र गवाह थे. अपराधियों ने इसी वजह से विमल की भी हत्या कर दी. हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि विमल की पड़ोसियों के साथ पुरानी दुश्मनी हत्या का कारण हो सकती है. हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने पर हत्या के सही कारणों का पता चल जायेगा.











