
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को यानी टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज कंपनी लिमिटेड की अधीकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन के चुनाव और आमसभा पर कमेटी मेंबरों ने अपनी मुहर लगा दी है. सोमवार को जुस्को श्रमिक यूनियन की हुई पिछले मीटिंग के मिनट्स को कंफर्म करने के बाद इसकी आमसभा को आयोजित करने पर मुहर लग गयी जबकि चुनाव पर भी रजामंदी हो गयी.
14 मार्च को आमसभा होगी, जिसके बाद 27 और 28 मार्च को यूनियन का चुनाव होगा, जिसको लेकर मंजूरी ली गयी है. कंफर्मेशन मीटिंग के बाद अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय के नेतृत्व में महिलाओं का सम्मान किया गया. महिला दिवस के मौके पर दो महिला कर्मचारी को सम्मानित किया गया. इसके अलावा वहां होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया.

इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने सभी महिलाओं के सशक्त करने पर जोर दिया जबकि महिलाओं की बहाली में प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया. इस दौरान होली समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर सबको बधाई भी दी. होली के बाद जुस्को श्रमिक यूनियन की आमसभा और चुनाव की तैयारी तेज हो जायेगी. इसको लेकर पक्ष और विपक्ष की ओर से तैयारी की जा रही है. हर हाल में चुनाव जीतने की रणनीति के तहत वर्तमान सत्ता पक्ष यानी रघुनाथ पांडेय और वीडी गोपाल कृष्णा लगे हुए है.





