रामगोपाल जेना
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इसमे पंजाब कनेक्शन सामने आता दिख रहा है. चक्रधरपुर में इस सिलसिले में 2 किलो अफीम और 3 लाख 95 हज़ार रुपए के साथ चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. गिरफ्तार लोगों में से दो युवक पंजाब का रहने वाला है. पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने जानकारी दी है कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है, जिसमें इन्हें चक्रधरपुर-सोनुवा मार्ग से गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के दौरान इनमें से पंजाब निवासी दो युवकों ने पुलिस को बताया कि वे यहां से अफ़ीम खरीद कर पंजाब ले जाते हैं. गिरफ्तार किए गए अन्य दो में से एक पश्चिमी सिंहभूम और एक खूंटी ज़िले का रहने वाला है.







