लोहरदगा : राज्य को नक्सल मुक्त करने के लिए सरकार की महत्वपूर्ण आत्मसमर्पण नीति ‘नई दिशा’ से प्रेरित होकर शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक लाख का इनामी भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर रहे जतरू खेरवार उर्फ टाना खेरवार ने पुलिस प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। इस मौके पर उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण, एसपी आर रामकुमार, एसडीपीओ बीएन सिंह, डीएसपी अभियान दीपक पांडेय, समादेष्टा सीआरपीएफ-158 अधिकारी समेत अन्य मौजूद थे। इस मौके पर उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली पर एक लाख का इनाम घोषित था। ऑपरेशन डबल बुल की दबिश और ऑपरेशन नई दिशा से प्रेरित होकर नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। उन्होंने भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में लौटने के लिए अपील की है। (नीचे भी पढ़ें)

एसपी आर रामकुमार ने बताया कि सरकार की ऑपरेशन नई दिशा नक्सली संगठनों के बीच काफी लोकप्रिय होते जा रही है। परिणाम स्वरूप भाकपा (माओ) सहित अन्य कई प्रबंधित नक्सली संगठनों के नक्सली झारखण्ड पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर रहे हैं। सरकार की इस नीति के सफलता से झारखण्ड पुलिस उत्साहित है तथा झारखण्ड को नक्सल मुक्त राज्य बनाने को कृतसंकल्पित है। एसपी ने बताया कि पुलिस के द्वारा हाल में चलाये गये विशेष अभियान ‘डबल बुल’, तदोपरांत पुलिस की बढ़ती दबिश संगठन के आंतरिक शोषण से क्षुब्ध होकर तथा झारखण्ड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उक्त नक्सली ने आत्मसमर्पण किया। इन्हें इनके विरूद्ध दर्ज सभी काण्डों में न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।















