
चाईबासा : जिले के मनोहरपुर थाना अंतर्गत बिरसामनी चौक निवासी 19 वर्षीय युवती सुमन बरवा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है. आरोपी का नाम किशन कुमार गोव और वह मनोहरपुर पानी टंगी, नंदपुर निवासी है. जानकारी के अनुसार मनोहरपुर रेलवे स्टेशन की डाउन लाइन के पोल सं0 371 / 20 के पास छह मई को एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर होने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर मनोहरपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल ने घटनास्थल पर जाकर शव का मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार किया. उसके बाद शव को अन्त्यपरीक्षण के लिए अनुमंडल अस्पताल , चक्रधरपुर भेजा गया. मृतका की पहचान सुमन बरवा (19 वर्ष) बिरसा मिनी चौक निवासी के रूप में की गयी. मृतिक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर मनोहरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया.
तत्पश्चात जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एक छापामारी दल का गठन किया गया. दल के द्वारा गुरुवार को छापामारी कर मनोहरपुर के पानी टंकी, नंदपुर निवासी किशन कुमार गोप को उसके घर से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के पश्चात अभियुक्त द्वारा हत्या करने की बात स्वीकार की गयी तथा बताया गया कि विगत कुछ माह से अभियुक्त तथा मृतिका का प्रेम-प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अभियुक्त के घर के लोग इस शादी के विरोध में थे. इस कारण अभियुक्त एवं मृतिका के बीच आपस में हमेशा नोक-झोंक होती रहती था. 5 मई को दोनो का आपस में झगड़ा हुआ, उसके बाद अभियुक्त ने मृतिका के दुपट्टे से उसकी हत्या कर दी तथा शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया. गिरफ्तार अभियुक्त को शुक्रवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा दिया गया.














