
चाईबासा/सरायकेला/जमशेदपुर : एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रशांत बोस उर्फ किशन दा की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को भाकपा माओवादी नक्सलियों द्वारा आहूत भारत बंद के दौरान गोइलकेरा थाना क्षेत्र के तोडांगसाई में सड़क पर बनी एक पुलिया को विस्फोट कर उड़ा दिया गया. नक्सलियों द्वारा गोइलकेरा- चाईबासा मार्ग में पालुहासा व कुईड़ा गांवों के बीच मुख्य सड़क पर बनी पुलिया के नीचे बम लगाकर विस्फोट किया गया. विस्फोट से पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है. हालांकि मार्ग में आवागमन बाधित नहीं हुआ. घटना शुक्रवार- शनिवार की मध्यरात्रि की बताई जा रही है. आसपास के ग्रामीणों ने देर रात धमाके की आवाज सुनी. घटनास्थल पर नक्सलियों ने लाल रंग का बैनर भी लगा दिया. वहीं बैनर के नीचे एक केन बम भी लगा हुआ देखा गया है. शनिवार देर शाम तक घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंच सकी थी.
लोटापहाड़ के पास रेल लाइन उड़ाने से जोड़ी ट्रेने हुई प्रभावित
एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रशात बोस उर्फ बुढ़ा उर्फ किशन दा और उसकी पत्नी शीला मरांडी की गिरफ्तारी से बौखलाए नक्सलियों ने शनिवार को भारत बंद का ऐलान किया था. इस दौरान देर रात ही सोनुआ-लोटापहाड़ रेलखंड में नक्सलियों ने धमका कर रेल ट्रैक को क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस घटना से 16 ट्रेनों के अलावा 21 मालगाड़ियां प्रभावित हुई. सभी ट्रेने विलंब से अपने गंतव्य के लिए रवाना की गई. वहीं चक्रधरपुर राउरकेला पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया. रात लगभग 2 बजे घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना में मुंबई हावड़ा मेल दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई. जांच के दौरान सुबह 6.40 बजे आरपीएफ ने थर्ड लाइन को फिट करार दिया जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने जांच कर 7.20 बजे थर्ड लाइन को फिट बताया. थर्ड लाइन के फिट होते ही हावड़ा मेल को पार कराया गया. सुबह 11.10 बजे तक अप एवं डाउन लाइन को पूरी तरह से फिट कर दिया गया था.
ये ट्रेने हुई प्रभावित
09206 हावड़ा पोरबंदर फेस्टिवल स्पेशल, 12130 हावड़ा पुणे आजादहिंद एक्सप्रेस, 13152 हावड़ा एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12834 हावड़ा अहमदाबाद, 18477 पुरी उत्कल एक्सप्रेस, 13288 राजेंद्रनगर दुर्ग एक्सप्रेस, 12222 हावड़ा पुणे दुरंतो, 12871 हावड़ा टिटलागढ़, 12809 मुंबई हावड़ा, 00113 मुंबई शालीमार कोविड स्पेशल, 22843 बिलासपुर पटना, ए11171 किसान पार्सल, 00123 संगोला शालीमार किसान, 12859 मुंबई हावड़ा, 12872 टिटलागढ़ हावड़ा, 12833 अहमदाबाद हावड़ा.












