नाइजर : नाइजीरिया के दक्षिणी इलाके में तेल पाइपलाइन से तेल चुराने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई है. एक पर्यावरण समूह ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. हालांकि मरनेवालों की संख्या की आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है. बता दें कि दक्षिणी नाइजर का डेल्टा इलाका तेल-समृद्ध क्षेत्र है. यहां भारी मात्रा में तेल पाया जाता है. एनजीओ के अनुसार गुरुवार तड़के दक्षिणी नाइजर डेल्टा इलाके में एक पाइपलाइन से तेल चोरी करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से कम से कम 37 लोगों की मृत्यु हो गई है. यूथ्स एंड एनवायरमेंटल एडवोकेसी सेंटर ने बताया कि यह हादसा गुरुवार आधी रात के आसपास रिवर्स राज्य के ओक्रिका में हुआ. पुलिस ने कहा कि पीड़ितों की मौत कच्चा तेल चोरी करने की कोशिश के दौरान हुई. एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, रिवर्स पुलिस के प्रवक्ता एएसपी ब्लेसिंग काबोर्लो अगाबे ने कहा,’घटना से जुड़े हालात का पता लगाने और तथ्यों की पुष्टि करने के लिए जांच चल रही है.’ (नीचे भी पढ़ें)
यह घटना, जिसमें कम से कम अक्टूबर 2023 के बाद से सबसे अधिक मौतें हुई हैं, नाइजर डेल्टा के कच्चे तेल की चोरी और पाइपलाइन में तोड़-फोड़ की लगातार बनी हुई समस्या को उदागर करती है. यहां गैर कानूनी तरीके से तेल निकालने (टैपिंग) की वजह से मौतें हुई हैं, प्रदूषण फैला है और नाइजीरिया के तेल उद्योग को नुकसान पहुंचा है. यूथ्स एंड एनवायरमेंटल एडवोकेसी सेंटर ने बताया कि यह घटना ओकारी जेटी पर तब हुई जब एक जहाज में तेल भरा जा रहा था और कुछ संदिग्ध चोर तेज प्रेशर के साथ पेट्रोलियम प्रोडक्ट को नावों में भर रहे थे. समूह ने यह भी कहा कि कुछ लोग लापता हैं और नदी में शव तैरते हुए भी देखे गए हैं. हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है कि क्या हुआ और मरने वालों की संख्या क्या है.नाइजीरिया सिक्युरिटी एंड सिविल डिफेंस कॉर्प्स ने बताया कि हताहतों की जो संख्या बताई जा रही है, उसकी पुष्टि नहीं हुई है और इसमें शामिल पदार्थ की तकनीकी पुष्टि की जरूरत है. उसने कहा कि मरनेवालों, घाटलों और लापता लोगों की संख्या का पता लगाने और संभावित लापरवाही, मिलीभगत या आपराधिक मदद की जांच करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिल कर काम कर रहा है.




