
पलामू : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने मंगलवार को अपने कार्यालय वेश्म में जनता दरबार लगाया। जनता दरबार में कुल 39 आवेदन आए। इन सभी आवेंदनकर्ताओं के आवेदन को उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरी ने सुना तथा उनका निदान किया। जनता दरबार में लोग मुख्य रूप से पेंशन, आवास, स्वास्थ्य तथा जमीन सीमांकन संबंधित समस्याओं को लेकर आए थे। उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों के समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारी को समस्याओं का निष्पादन करने का निर्देश दिया है। जनता दरबार में चैनपुर प्रखंड के रबदा से आये दिव्यांग रैयूख अंसारी तथा सरफराज अंसारी की स्थिति को देखकर उपायुक्त ने संजीदगी दिखाते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को इन्हें त्वरित ट्राईसाइकिल देने का निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश पर दोनों दिव्यांगों को समाहरणालय परिसर के ब्लॉक बी के समक्ष जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा ट्राई साइकिल उपलब्ध कराया गया।
जैसा सुना था, वैसा पाया : लाभुक
ट्राई साइकिल पाकर दोनों दिव्यांगों ने कहा कि हमने जैसा सुना था उपायुक्त को बिल्कुल वैसा ही पाया। ट्राई साइकिल ना होने की वजह से हमें बहुत तकलीफों का सामना करना पड़ता था। अब ट्राई साइकिल मिल जाने से हमारे रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी हो जाएगी।
इन मामलों का भी हुआ निष्पादन
वहीं जनता दरबार मे प्रखंड से मोहम्मद नईम ने जमीन के संबंध में उपायुक्त के समक्ष अपना आवेदन दिया। उपायुक्त ने उनके आवेदन को अंचलाधिकारी सदर को त्वरित कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया। इसके अलावा सदर ब्लॉक से ही प्रताप राम को पेंशन ना मिलने की समस्या थी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आवश्यक कागजात अपलोड ना होने के कारण उनके आवेदन को रिजेक्ट कर दिया गया था। उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा कार्यालय से पदाधिकारी को बुला प्रताप राम के आवेदन को आवश्यक कागजात समेत साइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया, ताकि इनकी पेंशन संबंधित समस्या का निष्पादन हो सके।
सदर प्रखंड से आए सहाबी राम तथा सरिता देवी को दाखिल खारिज मामले से संबंधित समस्या थी। उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंचलाधिकारी सदर को उनके आवेदन को अग्रसारित किया। पलामू के समाहरणालय में लगे जनता दरबार में समस्याओं के समाधान के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। जनता दरबार मे पाटन, विश्रामपुर, सिंगरा, लेस्लीगंज, सुदना, हैदरनगर से आये विभिन्न आवेंदनकर्ताओं ने अपना आवेदन दिया। बताते चलें कि जनता दरबार कार्यक्रम के माध्यम से जनता उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याओं से अवगत कराते हैं। उपायुक्त द्वारा उनके समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जाता है।








