
पलामू : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि की अध्यक्षता में सोमवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सप्ताह की शुरुआत समाहरणालय परिसर में की गयी। उपायुक्त ने पदाधिकारियों तथा समाहरणालय परिसर में कार्यक्रम में उपस्थित बच्चियों को शपथ दिला कर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आह्वान किया। उपायुक्त ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सप्ताह का मुख्य उद्देश्य है पलामू जिला में बेटियों को लेकर जागरूकता फैलाना। उन्होंने कहा कि पलामू जिले में लिंगानुपात को बढ़ाने के लिए सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर बेटियां नहीं होंगी तो घर में खुशी नहीं आएगी और अगर खुशी नहीं होगी तो पलामू जिले के खुशहाली स्तर में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि बेटा व बेटी में कोई फर्क नहीं है। बेटी भी पढ़ाई कर सभी क्षेत्रों में समाज का नाम रौशन कर सकती है। हमारे पलामू जिले की बेटी दीपज्योति ने पढ़- लिख कर केबीसी जैसे बड़े शो में जाकर पलामू का नाम रोशन किया है। हमें उससे सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि सरकार व जिला प्रशासन, बेटियों को आगे बढ़ाने, उनकी शिक्षा-दीक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है।
यह शपथ ली गयी
मैं भारत के नागरिक आज यह शपथ लेता/लेती हूं कि मैं लिंग भेद और लिंग चयन, जो कि बालिकाओं के जन्म एवं उनके अस्तित्व को जोखिम में डालता है, उस मानसिकता का त्याग करूँगा/करूँगी। जिससे यह सुनिश्चित हो कि लड़कियां जन्म लें, उन्हें प्यार व शिक्षा मिले और देश का सशक्त नागरिक बनने का समान अवसर मिले। मैं यह भी संकल्प लेता/लेती हूं कि मैं जन्म पूर्व लिंग पहचान के आधार पर हो रही कन्या भ्रूण हत्या को व्यक्तिगत रूप से और सामाजिक रूप से समाप्त करने की मुहिम को अपना व्यक्तिगत रूप से भरपूर सहयोग दूंगा/दूंगी। मैं अपने देश की महिलाओं एवं पुरुषों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संदेश का प्रचार प्रसार करूंगा/करूँगी।
जागरूकता रथ हुआ रवाना
उपायुक्त, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त सहित पदाधिकारियों ने पलामू जिले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश लेकर जागरूकता फैलाने के लिए समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को संयुक्त रूप से रवाना किया गया। यह रथ जिले के सभी प्रखंडों में जाकर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संदेश को प्रचारित करेगा। इसके अलावा समाहरणालय परिसर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के समर्थन में लगे हस्ताक्षर बोर्ड की शुरुआत उपायुक्त ने ‘समाज का मूल होती हैं बेटियां’ संदेश लिखकर किया।
ये थे उपस्थित
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सप्ताह के उद्घाटन कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि के अलावा नगर आयुक्त दिनेश प्रसाद, उप विकास आयुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष प्रभा देवी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी, सदर अंचल अधिकारी समेत कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।







