
चाईबासा : सोनुआ थाना पुलिस अब किराये पर रह रहे लोगों की पूरी जानकारी रखेगी. इसके लिये पुलिस द्वारा डोर टू डोर वेरीफिकेशन किया जायेगा. सोनुआ थाना प्रभारी कुलदीप कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा के द्वारा क्षेत्र में आम जनता को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए दिये गये निर्देशों के अनुसार किरायेदारों के सत्यापन का मूल उद्देश्य यह है कि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके तथा कौन व्यक्ति रह रहा है, उसकी वर्तमान स्थिति क्या है, उसका स्थायी पता क्या है, वह कहां और क्या काम करता है आदि बिंदुओं पर सही जानकारी प्राप्त की जा सके तथा क्षेत्र में बेहतर सुरक्षा योजना को क्रियान्वित किया जा सके. थाना प्रभारी के मुताबिक किरायेदारों के बारे में सत्यापन फार्म भरने हेतु एक कार्य योजना तैयार किया गया है और सत्यापन में सभी मकान मालिक से सहयोग की अपेक्षा है । सभी मकान मालिक से अपील है की पुलिस द्वारा किये जा रहे सत्यापन कार्य में पुलिस को सही जानकारी उपलब्ध कराकर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपना सहयोग दें ताकि भविष्य के संदर्भ हेतु उनके स्थायी पता इत्यादी के बारे में पूर्ण जानकारी उपलब्ध रहे।







