जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के मंडल पुनर्गठन के लिए रायशुमारी सोमवार को संपन्न हुई. प्रदेश भाजपा ने जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष के लिए रायशुमारी की तिथि भी घोषित कर दी है. मंगलवार शाम पार्टी के साकची स्थित जिला मुख्यालय में जिलाध्यक्ष पद के लिए सुयोग्य उम्मीदवारों के चयन को लेकर रायशुमारी होगी. इस दौरान बतौर पर्यवेक्षक पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी विनय लाल मौजूद रहेंगे. जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर भी पार्टी ने नियम तय किये हैं. वहीं राय मशविरा देने के लिए भी अपेक्षित नेताओं की सूची तय है. इस आशय की जानकारी देते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने बताया कि प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को रायशुमारी संपन्न होगी. पार्टी कार्यालय में शाम पाँच बजे से रायशुमारी की प्रक्रिया प्रारंभ होगी. इस बार फिर से भाजपा के जिला अध्यक्ष के रुप में दिनेश कुमार का नाम सामने आया है. वैसे कई अन्य लोग भी दावेदार है. जिला अध्यक्ष की दौड़ में वैसे तो दिनेश कुमार ही अकेले है, लेकिन अंदरखाने पूर्व जिला अध्यक्ष बिनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, नंदजी प्रसाद के अलावा सोनारी मंडल के अध्यक्ष रह चुके संजीव सिन्हा समेत कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे है. वैसे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का खेमा ही हावी है क्योंकि सरयू राय पार्टी छोड़ चुके है और उनके साथ कई लोग पार्टी छोड़ चुके है. अर्जुन मुंडा खेमा के कई लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है, ऐसे में नये जिला अध्यक्ष के तौर पर ज्यादा कोई मारामारी की स्थिति नहीं दिख रही है. वैसे जिला अध्यक्ष के पद की घोषणा के बाद मंडलों के अध्यक्ष की घोषणा होगी. सोमवार को मंडलों का रायशुमारी पूरा हो गया.
जिलाध्यक्ष की रायशुमारी में ये लोग शामिल होंगे :
1) भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी/कार्यसमिति सदस्य/राष्ट्रीय मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य।
2) भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष)।
3) भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य।
4) माननीय सांसद/निवर्तमान सांसद, माननीय विधायक/निवर्तमान विधायक।
5) मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष)।
6) मोर्चा के सभी जिलाध्यक्ष।
7) जिला पदाधिकारी ( जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष)।
8) महापौर, उप महापौर।
9) जिला परिषद के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष।
10) स्थानीय निकाय के सभापति/ उप-सभापति।
11) निवर्तमान जिलाध्यक्ष।