जमशेदपुर : जमशेदपुर में पंजाब पुलिस ने दबिश दी है. पंजाब पुलिस की टीम जमशेदपुर के सिदगोड़ा पुलिस के सहयोग से तरसेम सिंह के दस नंबर बस्ती के सुखिया रोड स्थित आकाशदीप प्लाजा के पीछे विजयनगर स्थित मेडिकल दुकान और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. पुलिस ने फरार आरोपी के दस नंबर बस्ती सुखिया रोड के आवास नंबर 4 में भी छापामारी की. पंजाब के गुरदासपुर जिले के नैणेकोट में हुई भाई-भाभी हत्याकांड में फरार आरोपी टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान तरसेम सिंह सेमे तथा उनके भतीजे हरजोत सिंह की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस ने यह छापेमारी की. पुलिस को दोनों फरार आरोपियों की तलाश को लेकर जगह जगह छापेमारी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि 12 मई 2026 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के काहनूवान थाना क्षेत्र स्थित गांव नैनेकोट में संपत्ति विवाद को लेकर अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या कर दी गई थी. परिवार के तीन भाइयों के बीच पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामले में चार लोग तरसेम सिंह, अमरजीत सिंह उर्फ अम्बे, हरजोत सिंह और मनप्रीत कौर को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसके बाद पंजाब पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी. इस दौरान हत्याकांड में नामजद आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ अम्बे और मनप्रीत कौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस अब फरार चल रहे तरसेम सिंह और हरजोत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है.




