नई दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के समर्थन की घोषणा कर दी है. राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आज फोन पर बात की. हालांकि इससे पूर्व भी पुतिन ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं प्रधानमंत्री मोदी को भेजे अपने संदेश में संवेदना व्यक्त करते हुए कहा था कि इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है. इसके दोषियों को उचित सजा मिलनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया. उन्होंने पहलगाम में आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए हमले में निर्दोष लोगों की जान जाने पर गहरा दुख जताया. यही नहीं, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात भी कही. श्री पुतिन ने कहा कि इस घिनौने हमले के अपराधियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाना ही होगा. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों नेताओं ने भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की बात दोहराई. प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर बधाई दी. उन्होंने पुतिन को भारत में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन में आने का न्योता भी दिया. श्री जायसवाल ने बताया, ‘उन्होंने जोर देकर कहा कि इस जघन्य हमले के अपराधियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाना चाहिए.’ (नीचे भी पढ़ें)
पुतिन का यह फोन ऐसे समय में आया है जब भारत में आतंकी हमले की वजह से तनाव है. रूस ने हमेशा भारत का साथ दिया है. इस मुश्किल घड़ी में पुतिन का समर्थन भारत के लिए बहुत मायने रखता है. दोनों देशों के बीच दोस्ती और भी गहरी होती जा रही है.











