
जमशेदपुर : शहर में चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि उन्होने पुलिस को चुनौती देते हुए एसएसपी कार्यालय परिसर में स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में ही हाथ साफ करने की सोच डाली. चोरों ने एटीएम में घुसकर एटीएम को तोड़ने का भी प्रयास किया. विफल होने पर चोरों ने एटीएम में लगे सीशे के दरवाजे को तोड़ डाला और मौके से फरार हो गए. घटना मंगलवार देर रात की है. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की जांच में जुट गई है. इस मामले में सबसे बड़ी बात यह रही की बैंक प्रबंधन का कहना होता है कि किसी भी एटीएम में जब छेड़छाड़ की जाती है तो उसमें सायरन बजने लगता है. वहीं जिस एटीएम में चोरी का प्रयास किया गया है उसमें बैंक द्वारा गार्ड का भी प्रबंध है पर घटना के वक्त गार्ड कहां था इसकी जानकारी किसी ने नहीं दी. इसके पहले भी शहर के कई एटीएम में चोरी का प्रयास किया गया है. फिलहाल जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकता है.

















