सरायकेला : सरायकेला जिले के कपाली ओपी अंतर्गत बंधुगोड़ा स्थित घर में छापामारी के दौरान 679 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाये महाराजा अली, असगर अली एवं शबनम परवीन को पुलिस ने गुरुवार के दिन कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इस मामले में महाराजा अली की पहचान ड्रग पैडलर के रूप में हुई है, जिसके विरुद्ध पहले से भी कई मामले लंबित हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि कपाली पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कपाली के बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में भाड़ेदार महाराजा अली के कमरे में छापामारी कर उसके साथ असगर अली एवं शबनम परवीन को 679 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा था. बाद में पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त करते हुए इस मामले में संलिप्त महाराजा अली, असगर अली एवं शबनम परवीन को आज गुरुवार को न्यायालय में पेश किया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार प्राथमिकी अभियुक्त महाराजा अली पुराना ड्रग पैडलर है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अधिकारियों ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास से बरामद कुल 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर की बाजार में कीमत करीब 16.5 लाख रुपये होगी.


















