गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना के बाहर शुक्रवार रात को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर ट्रैफिक सिग्नल के पोल से जा टकरायी. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि चालक की जान बाल-बाल बच गयी. जानकारी के अनुसार कार संख्या जेएच05बीएफ1252 मुख्य सड़क पर सामान्य गति से चल रही थी. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाइवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क किनारे लगे ट्रैफिक सिग्नल के पोल से जा भिड़ी, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे चालक विजय सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने चालक से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है. इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करायी. समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गयी थी. पुलिस फरार हाईवा और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.






