
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के सिरूम चौक पर सोमवार तड़के एक अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. हादसे में एक युवक किसी तरह कूदकर बच निकला जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का इलाज स्थानीय क्लिनिक में किया जा रहा है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नीमडीह- तिरुलडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मौके पर मौजूद हाइवा चालक व खलासी को पकड़कर बंधक बना लिया. (नीचे देखे पूरी खबर)
ग्रामीणों का आरोप है कि गाड़ी मालिक तिरुलडीह का बुबाई नामक व्यक्ति है, लेकिन घटना के समय गाड़ी खलासी चला रहा था. उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक वाहन मालिक और पुलिस मौके पर नहीं पहुंचते तथा पीड़ितों को मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा. सूत्रों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब हाइवा स्टॉक से बालू लोड करने के लिए निकला था. अनियंत्रित गति और वाहन पर नियंत्रण की कमी के कारण यह दुर्घटना घटित हुई. घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया. लंबे जाम की वजह से नीमडीह- तिरुलडीह मार्ग पर दर्जनों वाहन फंस गए हैं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. दैनिक यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. सूचना पाकर नीमडीह थाना पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है.














