
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले में सड़क हादसा थमने का नाम नही ले रहा है. जहां एक हफ्ते के भीतर 9 लोगों की जान सड़क हादसों में चली गई है. इनमें से 8 मौतें अकेले चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हुई है. वही बुधवार देर रात कांड्रा- चांडिल मुख्य मार्ग पर मनीकुई के पास भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वहीं आक्रोशित लोगों ने चांडिल- कांड्रा मुख्य मार्ग को घंटो जाम कर दिया. उधर घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर देर रात करीब 11:00 बजे सड़क जाम हटवाया. और शव को कब्जे में लेकर चांडिल अनुमंडल अस्पताल भिजवा दिया. वहीं पुलिस ने ट्रक जप्त कर लिया है, जबकि चालक भागने में सफल रहा. बताया जाता है कि शव की पहचान कर ली गई है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. गुरुवार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. वैसे एक साल के भीतर सरायकेला- खरसावां जिला में सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या 200 के पार चली गई है जो निश्चित तौर पर चिंता का विषय है.





