
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित टफसील कंपनी के आंदोलित मजदूरों ने सोमवार सुबह से अनिश्चितकाल के लिए कंपनी गेट जाम कर दिया. वैसे मजदूर विगत 3 माह से वेतन संबंधित अन्य मांगों को लेकर आंदोलित थे. आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित टफसील कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के 50 से भी अधिक मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के वादाखिलाफी वेतन नहीं दिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार सुबह से ही कंपनी गेट अनिश्चितकाल के लिए जाम कर दिया. वहीं झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन के बैनर तले कामगारों ने आर- पार की लड़ाई का मन बना लिया है. इसके तहत कंपनी गेट जाम किया गया. गेट जाम कर रहे आंदोलित मजदूरों ने बताया कि कंपनी द्वारा प्रतिवर्ष 20% बोनस दिया जाता था. इस बीच नवंबर माह में कंपनी द्वारा बिना वार्ता के ही 8.33% बोनस मजदूरों को जबरन दिया गया. मजदूरों ने जब कम बोनस का विरोध किया तो प्रबंधन ने उन्हें बिना कारण नोटिस देकर बर्खास्त कर दिया. इधर मजदूरों ने श्रम आयुक्त को भी मामले से अवगत कराया. जिसके बाद श्रम आयुक्त कार्यालय द्वारा कंपनी प्रबंधन को नोटिस भी तमिला किया गया, लेकिन प्रबंधन श्रम आयुक्त के आदेश को भी धता बता रहा है. मजदूर यूनियन के सचिव शिव रंजन प्रसाद ने बताया कि जब तक प्रबंधन वार्ता के लिए आगे नहीं आती तब तक गेट जाम रहेगा. वहीं इस दौरान महिला मजदूर दुलारी ने बताया कि सोमवार सुबह जब गेट जाम किया जा रहा था तो कंपनी प्रबंधन के लोगों द्वारा जबरन उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई.






