
जमशेदपुर : टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवान जी टाटा की 181वीं जयंती के अवसर पर जेमीपोल के संयोजन में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से आयोजित 582वां नेत्र शिविर नेत्र रोगियों की आंखों को रौशनी का उपहार प्रदान कर उनके शिविर से विदाई के साथ सम्पन्न हो गया. इससे पूर्व जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम ने ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की तथा नेत्र रोगियों को रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं द्वारा चश्मा पहनाया गया एवं जरूरत के अनुसार डेढ़ महीने की दवा प्रदान की गयी. नेत्र रोगियों को आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान किया गया. इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी राकेश मिश्र एवं प्रभुनाथ सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे. शिविर में उपस्थित रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाईटी का अगला नेत्र शिविर 7 मार्च से 9 मार्च तक समाजसेवी गोवर्धन गुप्ता द्वारा उनके माता-पिता की पुण्यस्मृति में आयोजित किया जायेगा.







