
सरायकेला : गुरुवार को कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह सरायकेला पहुंचे. यहां डीआईजी ने जिला पुलिस मुख्यालय परिसर सभागार में तमाम पदाधिकारियों संग अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब व अन्य नशे के कारोबार पर जिला पुलिस द्वारा उठाए जा रहे कार्यों की समीक्षा की. आपको बता दें कि राज्य पुलिस महानिदेशक के आदेश के बाद पूरे राज्य के सभी जिलों में अगले 14 नवंबर तक अवैध शराब ड्रग्स और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. सरायकेला पहुंचे डीआईजी ने जिला पुलिस पदाधिकारियों को इसको लेकर विशेष चौकसी बरतने का साफ निर्देश जारी कर दिया है. इससे पहले डीआईजी जमशेदपुर में भी अधिकारियों के साथ बैठक कर नशीले पदार्थ के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दे रखा है. जिसका बेहतर परिणाम भी सामने आ रहा है. इधर गुरुवार को आयोजित बैठक के बाद डीआईजी ने साफ कर दिया है कि 14 नवंबर के बाद अगर किसी थाना क्षेत्र से अवैध शराब, गांजा या ड्रग्स के बिक्री की सूचनाएं आएंगी तो संबंधित थाना के इंचार्ज इसके लिए जिम्मेदार होंगे. उधर डीआईजी के निर्देश के बाद जिले के एसपी ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और अवैध शराब से संबंधित गुप्त सूचना जारी किए जाने को लेकर एक विशेष मोबाइल नंबर जारी किया है. उन्होंने बताया कि इस नंबर पर सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी. बहरहाल डीआईजी के फरमान के बाद जिले में अवैध शराब के कारोबार और ड्रग्स पर कितना रोक लगेगा ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा. फिलहाल डीआईजी के निर्देश के बाद जिले के अवैध शराब कारोबारी और ड्रग्स माफियाओं में बेचैनी बढ़ गई है.













