नीमडीह : सरायकेला जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत पितकी के पास शनिवार को एक व्यक्ति ने शनि महाराज की पूजा करने जा रहे दंपती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोट आई है. इसकी सूचना मिलते ही नीमडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए तत्काल चांडिल स्थित अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. वहां दोनों का प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया है. उधर, पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में नीमडीह थाना प्रभारी तंजील खान ने बताया कि तिल्ला गांव के मधुसूदन दास और बादल चंद्र दास के बीच पुराना जमीन का विवाद चल रहा है. दोनों के बीच जमीन के बदले मिले मुआवजा बंटवारा को लेकर विवाद है. आरोप है कि मधुसूदन दास के द्वारा जमीन के बदले मिली मुआवजा की राशि का बंटवारा बादल दास के साथ नहीं किया जा रहा है. इस मामले में मधुसूदन दास बार- बार टाल- मटोल कर रहे थे. इसी से गुस्साए बादल चंद्र दास ने शनिवार को मधुसूदन दास और उसकी पत्नी संजीता दास पर धारदार दाउली से हमला कर दिया. दोनों बाइक से शनि महाराज की पूजा करने जा रहे थे. हमले में दोनों के सिर पर गहरा जख्म हुआ है.



