जमशेदपुर: डोवो (कपाली) स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में भवन निर्माण श्रमिक यूनियन, जिला सरायकेला-खरसावां की कार्यसमिति का विधिवत गठन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भवन निर्माण श्रमिक उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया.कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा एवं जिला मंत्री केशवर मिश्रा पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे. दोनों अतिथियों ने उपस्थित श्रमिकों को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के श्रम विभाग द्वारा भवन निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर भवन निर्माण संघ के प्रदेश मंत्री राम लाल दास ने नई जिला कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा की तथा नवगठित कार्यकारिणी को संगठनात्मक दायित्वों के साथ श्रमिक हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने श्रमिकों को सरकारी योजनाओं, पंजीकरण, शिक्षा सहायता, मातृत्व लाभ, पेंशन एवं अन्य सुविधाओं की बिंदुवार जानकारी भी साझा की.सभा का संचालन अध्यक्ष के रूप में श्रीमती शितला महतो ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अगरबत्ती जलाकर माँ भारती, भगवान विश्वकर्मा तथा श्रद्धेय स्वर्गीय दत्तोपंत ठेंगड़ी के पूजन के साथ किया गया.सभा में सर्वसम्मति से भवन निर्माण श्रमिक यूनियन, जिला सरायकेला-खरसावां की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विभिन्न पदों पर साथियों को जिम्मेदारी सौंपी गई. (नीचे भी पढ़े)
उपस्थित श्रमिकों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया.कार्यक्रम के अंत में श्रमिक एकता, अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया गया. जिलाध्यक्ष- दिलीप प्रसाद त्यागी, कार्यकारी अध्यक्ष- श्रीमती विमला महतो, उपाध्यक्ष- ठाकुर दास महतो, उपाध्यक्ष श्रीमती सोमा महतो, जिला मंत्री श्रीमती शितला महतो, सह मंत्री विजय किस्कु,सह मंत्री वीनाधर महतो, संगठन मंत्री ज्ञान भगत महतो,कोषाध्यक्ष सुरज सुंडी बनाए गए.इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रुप में मधु महतो, ज्योत्स्ना महतो, भारती महतो, कल्पना महतो को शामिल किया गया है.







