
सरायकेला : रांची सांसद संजय सेठ अपने एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को सरायकेला पहुंचे। यहां उन्होंने जिला समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त इकबाल आलम अंसारी से मुलाकात की। उन्होंने उपायुक्त के साथ ईचागढ़ विधानसभा से संबंधित जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके निराकरण की बात कही। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। उसके बाद स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के तहत सांसद को आमंत्रण नहीं दिया जा रहा है। इस दु:खद स्थिति को देखते हुए सचिव को पत्र लिखेंगे। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार के दौरान बिजली ट्रांसफार्मर की समस्याएं 24 घंटे में दूर कर ली जाती थे, परंतु वर्तमान में दो-तीन महीना गुजर जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
उन्होंने हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वर्तमान की हेमंत सरकार गिट्टी, बालू और ट्रांसफर-पोस्टिंग की सरकार है। जो पिछली सरकार द्वारा की गई योजनाओं का शिलान्यास दोबारा करने का काम कर रही है। गिट्टी, बालू के लिए ग्रामीणों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पैसे वाले लोगों के बल पर चलाए जा रहे गिट्टी, बालू के गोरख धंधे में ग्रामीणों को फर्जी मुकदमे में फंसाया भी जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही मामले पर नियंत्रण नहीं किया गया तो सभी जन समस्याओं को लेकर वृहद रूप से आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी रणनीति जल्द ही रांची में तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में हेमंत सोरेने की सरकार बनी है तब से सिर्फ ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल चल रहा है। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल डेम में पर्यटन के विकास और विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाये जाने को लेकर तैयारी की जा रही है। संजय सेठ ने कहा कि हेमंत सरकार जब से आई है, तब से राज्य विकास के बजाय विनाश की तरफ जा रहा है। जब-जब राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार आयी है, तब-तब सिर्फ लूट, दुष्कर्म, हत्या के मामले बढ़े हैं। इस दौरान पूर्व विधायक साधु महतो भी उपस्थित थे।







