
सरायकेला: इस साल भी ऐतिहासिक राजकीय पर्व छऊ महोत्सव पर कोरोना महामारी के दूसरे लहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है. समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई की अध्यक्षता में राजकीय ‘चैत्रपर्व छऊ महोत्सव’ सह पर्यटन मेला के आयोजन से संबंधित बैठक आयोजित की गई. बैठक में निदेशक राजकीय छऊ महोत्सव सरायकेला गुरु तपन पटनायक द्वारा छऊ महोत्सव में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई. उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई ने विशेष कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले लोगों की संख्या के बारे में जानकारी ली तथा उन्होंने कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए कार्यक्रम को परंपरागत तरीके से पूर्ण करने की बात कही. उन्होंने कहा ऐसे कार्यक्रम जिससे में भीड़ इकट्ठे होने की संभावना होती हो वह नहीं किए जाएंगे. साथ ही इस दौरान होनेवाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं आयोजनो पर भी रोक लगा दी गई है. डीडीसी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए पूजा स्थल पर पूजा में सम्मिलित सदस्यों को शारीरिक दूरी के साथ फेस मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करना है. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला सह सचिव राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र सरायकेला राम कृष्ण कुमार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए उपस्थित वरीय पदाधिकारी एवं समिति सदस्यों से कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित चर्चा किया. जिसमे सर्व सहमति से कार्यक्रम को परम्परागत तरीके से मनाने एवं बड़े आयोजन को स्थगित करने पर सहमति जताई गई. उप विकास आयुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को रोकने हेतु राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा- निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है इसे हल्के में ना ले. घर से बाहर निकलते समय फेस मास्क एवं शारीरिक दूरी का अनुपालन करें. साथ ही भीड़- भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें. सावधानी अपनाकर आप अपने एवं अपने परिवार की सुरक्षा कर सकते है. वैसे कोरोना काल से पहले सरायकेला के प्रसिद्ध राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में प्रतिवर्ष कई विदेशी पर्यटक छऊ नृत्य कला की बारीकियों को जानने और सीखने पहुंचते थे. कई विदेशी पर्यटक छऊ पर रिसर्च भी किया करते थे, लेकिन महामारी के चलते फिलहाल विदेशी पर्यटक का आना पूरी तरह बंद है. इधर कलाकार लंबे समय से रंगमंच से दूर रहे. लिहाजा रंगमंच से कला की दुनिया में रंग भरने वाले कलाकारों का जीवन बेरंग सा प्रतीत हो रहा है. बैठक में आईटीडीए निदेशक संदीप कुमार दोराईबुरु, डीआरडीए निदेशक उमा महतो, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल रंजीत लोहरा, डीएसपी हेड क्वार्टर चंदन कुमार वत्स, स्थापना उप समाहर्ता प्रमोद कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायकेला, जिला योजना पदाधिकारी सरायकेला, डीएसडब्ल्यूओ सरायकेला, एलडीएम सरायकेला, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सरायकेला एवं अन्य समिति के सदस्य उपस्थित थे.












