
सरायकेला: जिले के चौका थाना पुलिस ने बीते तीन जुलाई 2019 को चौका के खूटी घाटी के पास रात्रि को हथियार के बल पर हुए तुलग्राम निवासी लालचंद महतो से हुई लूटपाट मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रांची सुखदेव नगर नयाटोली जातराटांड़ निवासी अनमोल कुमार को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इसके साथ ही आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में शामिल एक दूसरे आरोपी सुजीत कुमार को पूर्व में ही जेल भेज चुकी है.

चांडिल एसडीपीओ धीरेन्द्र नारायण बंका ने चौका थाना मेंआयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी अनमोल कुमार के खिलाफ 26 जून 2019 में पंडरा ओपी एवं 21 जून 2019 चौका थाना में मामला दर्ज है. इसके पहले भी अनमोल कुमार रांची से जेल जा चुका है. उन्होंने बताया, कि आरोपी अनमोल कुमार एवं सुजीत कुमार ने हथियार के बल पर 3 जुलाई 2019 को तुलग्राम निवासी लालचंद महतो से स्कूटी लूट ली थी तथा जाते वक्त चायउलीबासा के पास पथराखून के बिजली मिस्त्री जगरनाथ महतो के पास से पांच हजार रुपये तथा मोबाइल लूट कर तमाड़ की ओर भाग गए थे. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने दोनो आरोपी की संलिप्तता पाई और टेक्नीकल सेल की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.



