
जमशेदपुर: कॉमन सर्विस सेंटर(सीएससी ) ओलंपियाड की परीक्षा में बोड़ाम प्रखंड के भूला मध्य विद्यालय की छठवीं कक्षा की छात्रा ऋतु गोराई ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर झारखंड का नाम रौशन किया है. ऋतु की इस सफलता पर एक ओर जहां गांव में हर्ष का माहौल है वहीं, दूसरी ओर बुधवार को भाजपा महानगर के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार ने ऋतु गोराई को उनके बोड़ाम स्थित आवास पर जाकर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने ऋतु को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व पुस्तक भेंटकर बधाई व उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि इतिहास जीरो से हीरो बनने वालों की गाथाओं से भरा है. आभाव व विपरीत परिस्तिथियों के बावजूद प्रतिस्पर्धा से भरे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में ऋतु गोराई ने जिस सफलता को प्राप्त किया वह कई छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि अच्छे शिक्षक व अच्छे परवरिश इंसान को महान बनाते हैं. ऋतु गोराई ने अपने लगन व समर्पण से अपने माता-पिता के साथ अपने शहर व राज्य को गौरवान्वित किया है. उन्होंने ऋतु के माता-पिता को उनके उच्च शिक्षा में पार्टी की ओर से हरसंभव जरूरी मदद का भरोसा दिया. इस अवसर पर पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, अमरजीत सिंह राजा, हलधर नारायण साह, काजू शांडिल, बिरेन महतो, विजय सोय, रवि गोराई, दीपक सुंडी, विष्णु प्रमाणिक, संतोष पंडित, महेश गोराई, दामोदर सिंह, राठु महतो मौजूद थे.



