
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के उपायुक्त इकबाल आलम अंसारी की अध्यक्षता में जवाहर नवोदय विद्यालय से संबंधित बैठक आयोजित की गई. यह बैठक जिला मुख्यालय के सभागार में संपन्न हुई. बैठक में जवाहर नवोदय विद्यालय सरायकेला में वर्ग 6 के नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा-20 में छात्रों के पंजीकरण से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रखंडवार समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय सरायकेला के प्रधानाचार्य एसके सिन्हा ने बताया कि सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से वार्ता करते हुए प्रवेश परीक्षा-20 हेतु पंजीकृत छात्रों का प्रखंडवार पंजीकरण में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया था. उन्होंने बताया कि वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध अब तक किए गए पंजीकरण की संख्या बहुत ही कम है, जिसमें सुधार लाने की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्ग छह में नामांकन हेतु 80 सीट निर्धारित है, जिसके लिए 5650 आवेदन का लक्ष्य है, जो प्रखंडवार विभाजित कर दिया गया है. वैसे जिले में अब तक 2257 छात्रों का पंजीकरण कराया गया हैं. इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से छात्रों के पंजीकरण करने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली. शिक्षा प्रसार पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कोविड के कारण विद्यालय बंद रहने एवं पोर्टल न खुलने के कारण पंजीकृत छात्रों की संख्या कम है. उपायुक्त द्वारा सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को 29 दिसम्बर तक सभी सम्बंधित बीआरपी, सीआरपी एवं शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.







