
गम्हरिया : पूरे देश में कोरोना महामारी अब नए सिरे से अपने पांव पसार रही है जिसके मद्देनजर देश के प्रधानमंत्री ने तमाम मुख्यमंत्रियों के साथ एक बैठक की थी और अलग-अलग प्रदेशों में महामारी की रोकथाम एवं वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश जारी किया था. इसके तहत सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड में जिला प्रशासन के द्वारा एक बैठक की गई. बैठक की अध्यक्षता अपर उपायुक्त सरायकेला-खरसावां सुबोध कुमार ने की. प्रखंड सह अंचल कार्यालय के तमाम पदाधिकारियों के साथ 2 घंटे तक चली इस बैठक मैं अपर उपायुक्त के द्वारा यह निर्णय लिया गया कि आगामी दो दिन तक लगातार एक विशेष अभियान के तहत 7 पंचायतों में 45 की उम्र से अधिक वाले सभी लोगों को जो किसी बीमारी से ग्रसित भी हों उन्हें भी चिन्हित कर वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा जा रहा है जिसके तहत गम्हरिया के अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के अलावा सभी सरकारी कर्मचारियों को प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है. इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी भी मॉनेटरिंग करते रहेंगे, ताकि दो दिनों के अंदर तमाम लोग इस वैक्सीन का लाभ ले सकें.



