
गम्हरिया : सरायकेला जिले के गम्हरिया अंचल में भू माफिया चांदी काट रहे हैं. चाहे सरकारी जमीन को या वन भूमि माफिया खुलेआम सरकारी जमीनों में अवैध निर्माण करा रहे हैं. ताजा मामला आसंगी मौजा का है. जहां डीवीसी मोड़ स्थित मोक्ष अपार्टमेंट के सामने पुराना खाता नंबर 187, नया खाता नंबर 279, प्लॉट नंबर 213 अनाबाद बिहार अब झारखंड सरकार की जमीन पर धड़ल्ले से निर्माण कार्य जारी है. अंचल कार्यालय से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर बेरोकटोक सरकारी जमीन पर जारी अवैध निर्माण कार्य पर किसी की नजर नहीं पड़ना समझ से परे है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में पूछे जाने पर सीओ मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. मामले की जांच करायी जाएगी दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. वैसे यह कोई पहला मामला नहीं है जहां भू- माफिया सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं. क्षेत्र के भू- माफिया वन भूमि से लेकर सरकारी जमीनों पर खुलेआम कब्जा जमाने में जुटे हैं. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस मामले में अंचल प्रशासन का क्या रुख होता है.















