
सरायकेला : गम्हरिया थाना परिसर में चले 6 घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे का नाटकीय अंदाज में पटाक्षेप हो गया. वैसे अब नाटक के पात्रों से भी आपको हम रूबरू करा देते हैं नाटक के मुख्य पात्र टाटा- कांड्रा मुख्य सड़क पर भाटिया बस्ती के समीप स्थित महंती होटल के मालिक बबलू महंती है. वैसे तो बबलू महंती शादीशुदा हैं, लेकिन इश्क का क्या करें हुजूर.. कब किस पर आ जाए! तो शादी- शुदा बबलू महंती का भी इश्क उफ़ान मार गया और अपने ही होटल के कर्मचारी सपन दत्ता की पत्नी पर उनका दिल जा बैठा. फिर क्या था लॉकडाउन के दौरान होटल बंद इश्क शुरू. इश्कबाज बबलू महंती अपने ही होटल के कर्मचारी की पत्नी के साथ इश्क लड़ाने निकल पड़े. जहां अपनी पत्नी को अपने मालिक के प्रेम में पागल हुए देख सपन दत्ता आग बबूला हो गए और बीच सड़क पर ही मालिक और अपनी बेवफा पत्नी के साथ तू- तू- मैं- मैं शुरू कर दी. उधर बीच सड़क पर हंगामा होने की सूचना पर गम्हरिया थाना पुलिस तीनों को थाना ले गई. जहां करीब 6 घंटे तक पल-पल बदलते घटनाक्रम में कई रोचक मोड़ आए. अंत में होटल कारोबारी बबलू महंती की पत्नी के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों की ओर से लिखित आश्वासन के बाद सभी अपने अपने घरों की ओर रवाना हुए. वैसे इस बीच में थाना की क्या भूमिका रही यह थाना ही जाने. लेकिन अगर एक दूसरे परिवार के लिखित आवेदन पर आशिकों को छोड़ना ही था, तो पहले ही छोड़ देते. 6 घंटे तक थाना परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामेबाजी क्यों ?







