
रांची : झारखंड के डीजीपी एमवी राव की मां का निधन शनिवार को हो गया. उन्होंने शनिवार की सुबह 4.30 बजे विजयवाड़ा में अंतिम सांस ली. पिछले कई दिनों से वे बीमार चल रही थीं. लेकिन पिछले दो दिनों से उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी. मां के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पर डीजीपी एमवी राव सड़क मार्ग से विजयवाड़ा के लिए निकल गये थे. आपको बता दे कि डीजीपी एमवी राव आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिला के रहने वाले हैं. उनकी मां 92 साल की थीं. वे अपने पीछे एक भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं. डीजीपी की माता की मृत्यु की सूचना के बाद झारखंड पुलिस में शोक का माहौल है. डीजीपी ने पहले ही छुट्टी का आवेदन दिया था. लेकिन कोरोना ड्यूटी के कारण वे छुट्टी पर नहीं जा पाये थे. लेकिन मां की हालत गंभीर होने के बाद डीजीपी एमवी राव 15 दिन की छुट्टी पर सड़क मार्ग से विजयवाड़ा के लिए निकल गये थे. उनकी गैरमौजूदगी में मुख्यालय डीजीपी आरके नायडू डीजीपी का काम देख रहे हैं. ज्ञात हो कि एमवी राव को कमल नयन चौबे के बाद इसी साल 16 मार्च को झारखंड का डीजीपी बनाया गया. जबकि कमल नयन चौबे को विशेष कार्य पदाधिकारी पुलिस आधुनिकीकरण कैंप नयी दिल्ली के पद पर पदस्थापित कर ट्रांसफर किया गया. बीबी प्रधान के सेवानिवृत्त होने के बाद एमवी राव होमगार्ड के डीजी बने थे. 14 मई 2019 को 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी एमवी राव डीजी रैंक में प्रोन्नत हुए थे. डीजीपी बनने से पहले राव दिल्ली स्थित झारखंड भवन में स्थानीय आयुक्त के पद पर पदस्थापित थे.






