सरायकेला : सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे के आसपास सरायकेला- कालाडूंगरी मार्ग पर बड़ा कांकड़ा के समीप स्टंट कर रहे बाइक राइडर की सड़क किनारे रखे ईंट से टकराने से मौत हो गई. मृतक की पहचान सरायकेला थाना अंतर्गत कालागुजू गांव निवासी कालिदास महतो (22) के रूप में हुई है. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार कालिदास महतो किसी काम से कालाडूंगरी की ओर गया था. वापसी के दौरान वह बाइक से स्टंट करते हुए आ रहा था. प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार युवक बाइक को सड़क ने रगड़ते हुए चिंगारी निकाल रहा था. बड़ा कांकड़ा गांव के समीप की टर्निंग पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में रखी ईंट से जाकर टकरा गई. घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है.














