
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत टोल रोड के पास बकरी चोरी कर भाग रहे एक युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. हालांकि एक युवक मौके से भागने में सफल रहा. जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी. इधर सूचना पाकर कांड्रा थाना का पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचा और युवक को किसी तरह लोगों के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. युवक की पहचान धातकीडीह निवासी जाकिर हुसैन और कमरुद्दीन के रूप में की गई. मिली जानकारी के अनुसार जाकिर और कमरुद्दीन बाइक पर सवार होकर कांड्रा में सड़क किनारे घास चर रही बकरी को चोरी कर भागने के फिराक में थे. बकरी की आवाज सुन कर स्थानीय लोगों ने उन्हे देखा और पहले बाइक पर बैठे जाकिर को धक्का मारकर बाइक से नीचे गिरा दिया. कमरुद्दीन मौका देख फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने जाकिर को पकड़ कर पिटाई कर दी. पुलिस बकरी को थाने ले गई है.





