
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बीएन रथ का निधन हो गया. उनके निधन से शोक का माहौल है. बताया जाता है कि 75 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता बीएन रथ अपने सरायकेला स्थित आवास पर ही थे कि अचानक से सुबह करीब पांच बजे उनकी तबीयत बिगड़ गयी और उनको काफी पसीना आया और कुछ ही घंटे में उनकी मौत हो गयी. उनको हार्ट अटैक आया था. चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. अधिवक्ता की मौत की खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी. स्वर्गीय बीएन रथ राज्य में अर्जुन मुंडा की सरकार के वक्त राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष रहे थे. उनका कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ाव रहा है. झारखंड स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष और सुप्रसिद्ध वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने सरायकेला खरसावां जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री वी एन रथ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. श्री शुक्ल जो अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति के राष्ट्रीय महामंत्री भी है, ने आज सुबह उनके निधन की खबर सुनकर सरायकेला उनके घर पहुंचे और उनके परिजनों को सांत्वना दी तथा इस कष्ट में अपने को भी सहभागी बताया. श्री शुक्ल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री रथ ने लंबे समय तक सरायकेला जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष का दायित्व निभाया. राज्य अल्पसंख्यक आयोग के भी उपाध्यक्ष थे. वे सामाजिक कार्यो में भी गहरी रुचि लेते थे. उनके निधन से कोल्हान के अधिवक्ता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है. श्री शुक्ल ने कहा है कि श्री रथ बराबर मुझे बताते थे कि अधिवक्ताओ के लिए क्या करना है, मेरे अत्यंत करीबी थे. उनके निधन से मुझे निजी क्षति भी हुई है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे.







