सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला प्रेस क्लब का वार्षिक मिलन सह वनभोज कार्यक्रम खरसावां के आकर्षिणी गेस्ट हाउस में रविवार को संपन्न हुआ. इसमें बतौर मुख्य अतिथि खरसावां के विधायक दशरथ गागराई के प्रतिनिधि अनूप सिंह देव, विशिष्ट अतिथि खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, खरसावां एजीएम राजेश राम सहित प्रेस क्लब के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों को पांच लाख का बीमा पत्र सौंपा गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों के कार्यों की जमकर सराहना की.(नीचे भी पढ़े)

विदित हो कि प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां का यह चौथा वनभोज है. अपने गठन काल से ही क्लब ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए कई कीर्तिमान स्थापित करने में सफलता हासिल की है. क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने भरोसा दिलाया कि तमाम पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए वह कंधे से कंधा मिलाकर चलते रहेंगे. उन्होंने राज्य सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकारों के लिए न्यूनतम 10 लाख का बीमा देने की मांग की है. इस दौरान अतिथियों का मोमेंट और शॉल देकर स्वागत किया गया. उसके बाद पत्रकारों ने लजीज व्यंजन का लुफ्त उठाया. अंत में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के संकल्प के साथ अपने कार्य स्थल के लिए रवाना हुए. बता दे कि प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां में जिले के सभी प्रखंडों से लगभग 65 पत्रकार जुड़े हैं.














