जमशेदपुर: टेल्को राम मंदिर में श्री शक्ति परिवार की ओर से एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर महाशिवरात्रि महोत्सव कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी. सदस्यों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर तीन दिवसीय शिव महोत्सव कार्यक्रम होगा. महोत्सव की शुरुआत 26 को होगी जो 28 फरवरी तक चलेगा. पहले दिन यानि 26 फरवरी को 108 शिव भक्तों के साथ श्री नर्मदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक व महामृत्युंजय का जाप सामूहिक रुप से किया जाएगा. शाम में बैंकुठ धाम से पधारे अरुण वशिष्ठ महाराज के द्वारा शिव प्रवचन होगा और अर्ध रात्रि में शिव विवाह रस्म और भक्तों के बीच पुरोहित जीवनंद, राकेश मिश्र व कामेश्वर भूदेव के द्वारा संपन्न कराया जाएगा. 27 फरवरी को गरीबधाम से पधारे अलोकनाथ योगी और चित्रकुट धाम से पधारे राम सोलेन महाराज द्वारा धार्मिक प्रवचन किया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)

अपराह्न दो बजे दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि एपीएस निम्बाडिया द्वारा किया जाएगा. इस दौरान बाल कलाकारों और कैलाशियों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम होगा. साथ ही साथ बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा. 28 फरवरी को देवघर गर्भ गृह के पुजारी शशि मिश्र और शिव डाक भक्त राम सागर बाबा की देखरेख में कार्यक्रम होगा. 11 बजे शिव भक्तों के लिए विशाल भंडारा का आयोजन होगा. अपराह्न 2 बजे शिव बारात का नगर भ्रमण कराया जाएगा. शिव बारात में 41 फीट लंबा कांवर, 12 फीट का लंबा त्रिशुल, 21 विद्युत त्रिशुल, 6 फीट ऊंचा डमरू, 6 फीट लंबा व 4 फीट ऊंचा नंदी आकर्षण का केंद्र होगा. इस बार महाकुंभ की प्रतिरुप समुद्रमंथन लोगो को विशेष आकर्षित करेगी. भोले बाबा के बारात में घोड़े, रथ, भूत प्रेत, ट्रेलर पर कलाकारों द्वारा लाइव नृत्य व गीत का भी आयोजन किया जाएगा.रात्रि 9 बजे शिव पार्वती वरमाला के साथ समापन होगा.



