सरायकेला: जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत केतुंगा गांव में बीते 6 जून को राधिका मंडल के बेटे भीम मंडल को उसके पड़ोसियों चंदन मंडल, राजू मंडल, नवीन गोराई और प्रवीर गोराई ने मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया. बीचबचाव करने पहुंची राधिका मंडल पर भी उन्होंने हमला कर दिया. महिला ने बताया कि बीते 6 जून को उसके घर के पीछे लगे नीम के पेड़ को उसके पड़ोसी चंदन मंडल, राजू मंडल, नवीन गोराई और प्रवीर गोराई काटने लगे. जिसका विरोध करने पर उसे बेटे भीम मंडल पर चारों ने लकड़ी काटने वाले दाब से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया, बीच बचाव करने पहुंचने पर उसके साथ भी हाथापाई कर दी. (नीचे भी पढ़े)
गंभीर रूप से घायल अपने बेटे को इलाज के लिए पहले एमजीएम अस्पताल ले गई. वहां से रिम्स रेफर कर दिया गया. मगर, बेहतर इलाज के लिए गंगोत्री नर्सिंग होम आदित्यपुर में भर्ती कराया है. जहां फिलहाल वह खतरे से बाहर है. महिला ने बताया कि घटना की सूचना देने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई. जिसके बाद पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने पहुंची. उसने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने एवं उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्होंने पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार जताया.



