Saraikela : सरायकेला जिले के कुचाई थाना अंतर्गत खरसावां-कुचाई मुख्य मार्ग पर बीते 28 अगस्त को कांकी नाला के पास के जंगल में मिले नाबालिग के शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है. कुचाई थाना प्रभारी उदय गुप्ता ने बताया कि पुलिस लगातार मामले की छानबीन कर रही है. उन्होंने बताया कि कुचाई पुलिस शव की पहचान करने में जुटी हुई है. शुक्रवार को कांकी नाला के पास के जंगल से एक नाबालिग युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ था. घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड की मदद से जंगल में घंटों छानबीन की, लेकिन नाबालिग का कटा हुआ सिर बरामद नहीं हो सका. वैसे आशंका जताई जा रही है कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद सिर को धड़ से अलग कर जंगल में फेंक दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद इलाके के लोगों में चर्चा का बाजार गर्म है.







