
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां पुलिस ने एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर दिया है. जिसमें जिला पुलिस की ओर से पिछले एक साल में 1010 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया गया है. इसके अलावा नक्सली एवं नक्सली संगठनों से जुड़े 26 लोगों के भी गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है. इस संबंध में चांडिल एसडीपीओ की ओर से एक सूची मीडिया को उपलब्ध कराई गई है. जिसमें दो नक्सलियों के आत्मसमर्पण करने का भी दावा किया गया है. साथ ही साइबर अपराध से जुड़े मामले में 11 साइबर अपराधियों को जेल भेजे जाने की बात कही गई है. वही 8 अपराधिक गैंग के 49 सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया जा रहा है. एक साल के भीतर जिला पुलिस की ओर से 11 डकैती एक लूट और 25 हत्याकांड का उद्भेदन करने का दावा किया गया है. जिला पुलिस की ओर से पिछले 1 साल के भीतर आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान एवं अपराधियों से 45 हथियार, 397 गोली और 74 आइईडी बरामद किए जाने का दावा किया गया है. इसके अलावा चोरी के दो पहिया वाहन 37, चार पहिया 5, और 47 मोबाईल फोन बरामद किए जाने का दावा किया गया है. वही नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत जिला पुलिस द्वारा 4588 लीटर देसी शराब जप्त करते हुए इस धंधे में शामिल 63 कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेजने के साथ 2642. 33 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 31 कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया गया है. उधर ड्रग्स के खिलाफ जारी अभियान में 32 तस्करों से 145. 426 ग्राम ब्राउन शुगर, 8 गांजा तस्करों से 191. 6 किग्रा. गांजा और अवैध अफीम के कारोबार से जुड़े 10 कारोबारियों से 1402 किलोग्राम बरामद किए जाने का दावा किया गया है. वहीं साल भर पूरे जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में अवैध बालू खनन के 16 मामले दर्ज करते हुए 38 लोगों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया गया है.





