सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बोंगबोंगा नदी पर बना डायवर्सन बीती रात आए बारिश में बह गया जिससे उक्त मार्ग पर एकबार फिर से आवागमन ठप्प हो गया है और जमशेदपुर से संपर्क टूट गया है. अब राहगीरों को पांच किलोमीटर अधिक ग्रामीण मार्ग का सहारा लेकर जुगसलाई जाना पड़ रहा है. इधर डायवर्सन बहने से कई वाहन भी फंस गए हैं जिससे छोटे- छोटे वाहनों का आवागमन भी बाधित हो गया है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
मालूम हो कि 2024 के विधानसभा चुनाव के वक्त समय बोंगबंगा नदी पर बना पुल ध्वस्त हो गया था, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया था. लोगों को टाटा जाने के लिए 5 किलोमीटर अधिक दूरी तय करके जाना पड़ रहा था. मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद पुल का निर्माण करने वाले संवेदक सत्यम शिवम सुंदरम ने आनन- फानन में डायवर्सन का निर्माण कराया था. लेकिन संवेदक के धीमी गति कार्य के कारण आज विधानसभा चुनाव के करीब 6 महीना बीत जाने के बाद भी पुलिया का निर्माण पूर्ण नहीं हो सका है. जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही लोगों में नाराजगी भी दिख रही है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे ठेकेदार के ऊपर प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.











