सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से लापता हुए नाबालिग इस्माइल प्रधान को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस व स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. मिली जानकारी के अनुसार, सीनी ओपी क्षेत्र निवासी इस्माइल प्रधान सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बिना किसी को बताए घर से साइकिल लेकर निकल गया था. काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी खोजबीन शुरू की गयी. इसी दौरान उसकी साइकिल महाली मुरूप रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली. इससे आशंका जताई जाने लगी कि वह वहां से किसी ट्रेन में बैठकर कहीं चला गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी बीच खबर प्रकाशित हुई. टाटानगर में लोगों को शक होने पर उन्होंने बच्चे से पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि वह सीनी क्षेत्र का रहने वाला है. इसके बाद सतर्क लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया. इसके बाद देर रात उसे सरायकेला लाया गया. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने नाबालिग को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर डांट-फटकार मिलने से नाराज होकर इस्माइल घर से निकल गया था. हालांकि पुलिस की तत्परता और आम लोगों की सतर्कता के कारण समय रहते उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया.







