
सरायकेला : सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत ताज नगर में बेखौफ चोरों का आतंक लगातार जारी है. जहां आए दिन हो रहे चोरी की घटना से स्थानीय लोगों का जीना दुश्वार हो गया है. ताजा मामला बीती रात का है, जहां शेख अली मोहम्मद के घर चोरों ने सेंधमारी करते हुए नगद दस हजार समेत दो मोबाइल फोन की चोरी कर ली. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात शेख अली मोहम्मद के घर चोरों ने घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए पैंट में रखे दस हजार नगद समेत मोबाइल फोन और अन्य जरूरी कागजात की चोरी कर ली. घटना के बाद पीड़ित द्वारा स्थानीय कपाली ओपी में मामला दर्ज कराया गया है. वही क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है. दो दिन पूर्व भी ऐसी ही चोरी की घटना रहमत नगर डांगोडीह के अहमद हुसैन के घर घटी थी. फिलहाल चोरों ने पुलिस के समक्ष नई चुनौती पेश कर दी है. अब देखना है कि पुलिस इस नई चुनौती का खुलासा कितने दिनों में करती है.







