सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के लापांग गांव निवासी पंकज गोप (19) की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई. उसके बाद शव को झाड़ियों में फेक दिया गया. मंगलवार सुबह गांव के चौक के पास झाड़ियों में खून से लथपथ उसका शव मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पंकज सोमवार की शाम से लापता था. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)

प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप : पंकज के परिजनों ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि उसके लड़के को पास के ही गांव की लड़की से प्रेम संबंध था. वहीं लड़की के परिजन उसे स्वीकार नहीं करते थे. बार-बार उसे मारने की धमकी दी जाती थी. सोमवार शाम भी लड़की के परिजनों द्वारा उसे फोन कर बुलाया गया. वह रात भर लापता था. परिजन उसे रातभर खोजते रहे. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पास के ही झाड़ियों में खून से लथपथ पंकज का शव देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी. परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)
घटनास्थल का पुलिस ने किया निरीक्षण : पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. वहीं मृतक के परिजनों और प्रेमिका और उसकी मां से भी पूछताछ की जा रही है.












