
सरायकेला : सरायकेला जिले के नव निर्मित गंजिया बराज से एक साल के भीतर दोनों तरफ बसे लगभग 36 गावों के 37 हजार हेक्टेयर भूमि के लिए सिंचाई की सुविधा के साथ, औद्योगिक इकाइयों और शहरी क्षेत्र के लोगों को एक साल के भीतर पानी पहुंचने लगेगा. यह बातें जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव रंजन सिंह ने शनिवार को मंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पई सोरेन के साथ हुए विभागीय समीक्षा बैठक के बाद कहीं. उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए 134 करोड़ खर्च होंगे. जिसकी टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. समीक्षा बैठक के बाद मंत्री चंपई सोरेन ने परियोजना के कार्यों के प्रति संतोष जताया और कहा इससे क्षेत्र के किसानों के साथ औद्योगिक इकाइयों और शहरी जनजीवन के लिए पानी की समस्या दूर होगी. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया, कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण झारखंड सरकार अपेक्षित रुप से विकास के कार्यों को धरातल पर नहीं उतर सकी, लेकिन जिस तरह राज्य के सर्वांगीण विकास को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गंभीर हैं, उससे राज्य खुशहाली के मार्ग पर जल्द ही होगा. उन्होंने कोरोना संक्रमण के संभावित तीसरे लहर के खतरे से आम लोगों को सावधानी बरतने एवं लोगों को जागरूक करने की अपील की. उन्होंने बताया, कि बराज के दोनों छोर पर अंडरग्राउंड पाइप लाइन के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा. साथ ही सीतारामपुर डैम तक पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा. प्रोजेक्ट का डीपीआर तैयार हो चुका है. जल्द ही टेंडर फाइनल हो जाएगा. और परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा.






