जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र में व्यापार, उद्योग एवं आर्थिक विकास को निरंतर नई दिशा देने वाले सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के सहयोग से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की शारजाह सरकार के शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (एसएआइएफ) जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्यमियों की विशेष वन-टु-वन बिजनेस मीटिंग गुरुवार 9 एवं शुक्रवार 10 जुलाई को गोलमुरी स्थित होटल विवांता में आयोजित हो रही है. शारजाह सरकार के प्रतिनिधिमंडल में अली अल मुतावा एवं शोएब इब्राहिम खतीब शामिल हैं, जबकि फिक्की की ओर से सेजल सिंह उपस्थित रहीं. सिंहभूम चैंबर की ओर से अध्यक्ष मानव केड़िया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी, उपाध्यक्ष (कराधान एवं वित्त) राजीव अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य पंकज पटेल, कमल लाढ़ा एवं बजरंग अग्रवाल उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के दौरान एसएआइएफ जोन के अधिकारियों ने बताया कि उनका संगठन पिछले 30 वर्षों से सफलता पूर्वक कार्य कर रहा है तथा यह उनका जमशेदपुर का पांचवां दौरा है, जो इस क्षेत्र की व्यावसायिक संभावनाओं में उनकी निरंतर रुचि को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में एसएआइएफ जोन में लगभग 8,500 कंपनियां संचालित हैं, जिनमें लगभग 60 प्रतिशत भारतीय कंपनियां हैं. जहां विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना एवं उद्योग-अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं. अधिकारियों ने भारतीय उद्यमियों को शारजाह में उद्योग एवं व्यापार स्थापित करने हेतु उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वहां औद्योगिक भूखंड, आधुनिक वेयरहाउस, आवश्यक आधारभूत सुविधाएं, श्रमिक आवास सहित अनेक सुविधाएं आकर्षक शर्तों पर उपलब्ध कराई जाती हैं. इसके अतिरिक्त शून्य कस्टम ड्यूटी, शून्य कर, रेजिडेंट वीजा, स्थानीय बैंक खाता खोलने की सुविधा तथा मात्र 60 मिनट में कंपनी पंजीकरण जैसी विशेष सुविधाएं एसएआइएफ जोन को भारतीय निवेशकों के लिए अत्यंत आकर्षक बनाती हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कोल्हान क्षेत्र के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शारजाह सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अनुकूल व्यापारिक वातावरण एवं सुविधाओं का लाभ उठाकर क्षेत्र के उद्यमी मध्य-पूर्व में अपने व्यवसाय का सफल विस्तार कर सकेंगे तथा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करेंगे.उन्होंने बताया कि शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (एसएआइएफ) जोन के अधिकारी जमशेदपुर के उद्यमियों के साथ वन-टु-वन बी2बी बैठकें कर रहे हैं. आज, 9 जुलाई से प्रारंभ हुई यह मीटिंग कल 10 जुलाई की दोपहर तक जारी रहेंगी, जिससे सहभागी उद्यमियों को शारजाह में निवेश, व्यापार एवं उद्योग विस्तार की संभावनाओं को निकट से समझने का अवसर मिलेगा. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फिक्की एवं शारजाह सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संवाद स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. चैंबर ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि कोल्हान क्षेत्र के उद्योग एवं व्यापार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान एवं विस्तार मिल सके.







