जमशेदपुर : झारखंड सरकार के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) एवं पिछड़ा वर्ग (बीसी) के छात्र-छात्राओं हेतु प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत ई-कल्याण पोर्टल खोल दिया गया है. इस योजना के तहत संबंधित शिक्षण संस्थानों के इंस्टीच्यूट नोडल ऑफिसर (आइएनओ) द्वारा विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है. वहीं डिस्ट्रिक्ट नोडल ऑफिसर (डीएनओ) द्वारा आवेदन सत्यापन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला प्रशासन ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ई-कल्याण पोर्टल पर आवेदन सुनिश्चित करें. साथ ही सभी विद्यालयों एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों से भी अनुरोध किया गया है कि वे पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराते हुए समय पर आवेदन कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे.







