
जमशेदपुर : कोल्हान की सबसे बड़ी उद्योगों और व्यवसायियों की संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के फाइनांस व टैक्सेसन का काम देखने वाले वाइस प्रेसिडेंट के पद पर सीए रामाकांत गुप्ता का पदस्थापन किया गया है. इस पद पर दिनेश चौधरी थे, जिनका कोरोना के कारण पिछले दिनों निधन हो गया था, जिसके बाद से यह पद खाली था. सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित 5वीं कार्यसमिति बैठक में इस पर फैसला लिया गया. इसके तहत अहम फैसला लिया गया कि पूर्व उपाध्यक्ष, वित्त एवं कराधान स्वर्गीय दिनेश चौधरी के कोरोन काल में मृत्यु के पश्चात् रिक्त हुए इस पद पर सीए रमाकांत गुप्ता को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया. रमाकांत गुप्ता की नियुक्ति के लिये कार्यसमिति सदस्य किशोर गोलछा ने प्रपोज किया तथा सेकेण्डर भरत मकानी थे. इसके अलावा दूसरा अहम फैसला आमसभा को लिया गया, जिसमें यह कहा गया कि सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 69 वीं आमसभा का वर्चुअल आयोजन 15 दिसंबर को किया जायेगा. कोरोना के संक्रमण को देखते हुए यह फैसला लिया गया.











